जगदलपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर भारत की संस्कृति का आभूषण है और छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के जरिए यहां की संस्कृति को नया जीवन दे रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि अगले पांच वर्षों में बस्तर को विकास का नया स्वरूप मिलेगा.
बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता लोक कलाकारों को सम्मानित किया. शाह ने बताया कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले कलाकारों को राष्ट्रपति भवन, दिल्ली में आमंत्रित किया जाएगा.
अमित शाह ने कहा कि माओवाद प्रभावित इलाकों में विकास कार्य तेज़ हुए हैं और कई गांवों में अब गोलियों की आवाज़ की जगह स्कूल की घंटियां सुनाई दे रही हैं. उन्होंने मार्च 2026 तक माओवाद के खात्मे का भरोसा भी दोहराया.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर पंडुम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की पहचान का उत्सव है. उन्होंने कहा कि अब बस्तर की पहचान नक्सलवाद नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, पर्यटन और समृद्ध विरासत से हो रही है.
