डिब्रूगढ़ (असम): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने असम को “कांग्रेस-मुक्त” बनाने का संकल्प दोहराते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर काम तेज करने का आह्वान किया.
डिब्रूगढ़ में बूथ समिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरे समर्पण और ताकत के साथ हर बूथ पर आगे बढ़ना होगा और राज्य के विकास में पूरा सहयोग देना होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और अपर असम क्षेत्र की सभी 26 सीटों पर जीत हासिल करेगी.
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और असम भी तेजी से उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य असम को कांग्रेस-मुक्त बनाना है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम के लोगों को विकास योजनाओं से जोड़ा गया है और राज्य अपनी सांस्कृतिक विरासत को संभालते हुए लगातार प्रगति कर रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि असम पूरी तरह सुरक्षित है और एक विकसित राज्य बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में भारी बहुमत के साथ भाजपा-एनडीए सरकार फिर से बनेगी.
इससे पहले नितिन नवीन ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया और अन्य नेताओं के साथ तिनसुकिया में बोर नामघर में पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना भी की.
बता दें कि असम में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस उसे चुनौती देने की तैयारी में है.
यह भी पढ़ें: हिमंता सरमा की बंदूक वाली तस्वीर: क्या हम अब हिंसा को सामान्य मानने लगे हैं?
