देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में नगर पालिका केंद्रीकृत सेवा के तहत चयनित स्वच्छता निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस दौरान उन्होंने नए नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की साफ-सफाई बनाए रखना उनकी अहम जिम्मेदारी होगी, क्योंकि उत्तराखंड पर्यटन आधारित राज्य है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में कुंभ मेले और चारधाम यात्रा की तैयारियों को देखते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नियुक्त स्वच्छता निरीक्षक अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएंगे.
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने यूपीएससी परीक्षा में सफल उत्तराखंड की तीन बेटियों—शांभवी तिवारी, प्रिया चौहान और सौम्या गार्ब्याल—को भी सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि इनकी सफलता राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा है. साथ ही, माउंट चंद्रभागा-13 और 14 की सफल पर्वतारोहण अभियान का नेतृत्व करने पर जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया गया.
