नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब कांड के आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान टीम पर तीन फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की. एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है. आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और पुलिस के अनुसार वह शराब तस्करी से जुड़ा रहा है.
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर की तड़के बहरोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में छिपा है. उसके मुख्य मार्ग बंडा-बहरोल से निकलकर छापरी स्थित घर जाने की आशंका थी. सूचना के बाद पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी की.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जहरीली शराब कांड को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.