नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स प्लांट में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 लाखवीं बस को फ्लैग ऑफ किया. उन्होंने इस उपलब्धि को राज्य को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि 34 वर्षों की यह यात्रा टाटा ग्रुप के ट्रस्ट और उत्तर प्रदेश की बदली हुई कार्यसंस्कृति, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल माहौल का परिणाम है.
सीएम योगी ने टीमवर्क, ईमानदारी और कृतज्ञता को संगठन की सफलता का आधार बताया. उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान को मजबूत बनाने के लिए आंतरिक एकता और बाहरी हस्तक्षेप से बचाव जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश अब 25 करोड़ की जनसंख्या और 56 प्रतिशत युवा कार्यबल के साथ स्किल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के माध्यम से मार्केट-रेडी वर्कफोर्स तैयार कर रहा है.
उन्होंने बताया कि बेहतर कानून व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण उत्तर प्रदेश आज निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है. कार्यक्रम के दौरान सीएम ने बस में सवारी भी की और प्लांट का निरीक्षण किया. इस अवसर पर टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
