scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमराजनीतिघाटकोपर की तीन बार की कॉरपोरेटर, ‘मराठी हिंदू’ रितु तावड़े BJP की मुंबई मेयर उम्मीदवार

घाटकोपर की तीन बार की कॉरपोरेटर, ‘मराठी हिंदू’ रितु तावड़े BJP की मुंबई मेयर उम्मीदवार

अगर 11 फरवरी को चुनी जाती हैं, तो तावड़े चार दशक से ज़्यादा समय में BJP की दूसरी मेयर होंगी; शिंदे गुट वाली शिवसेना ने 18 महीने के कार्यकाल के लिए संजय घाड़ी को डिप्टी मेयर उम्मीदवार बनाया है.

Text Size:

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को घाटकोपर से तीन बार चुनी गई अपनी कॉरपोरेटर रितु तावड़े को मुंबई मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया. इससे पार्टी को 40 साल से ज़्यादा समय में मुंबई महानगरपालिका में अपना दूसरा मेयर बनाने का मौका मिल गया है.

यह घोषणा 11 फरवरी को होने वाले मेयर चुनाव से पहले की गई है. जनवरी में हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी.

227 सदस्यों वाली सदन में बीजेपी ने 89 सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 29 सीटें मिलीं. गठबंधन के पास बहुमत होने के कारण बीजेपी मेयर बनाएगी, जबकि शिंदे गुट वाली शिवसेना को डिप्टी मेयर पद मिलेगा.

शिंदे गुट ने कहा है कि उसने 18 महीने के कार्यकाल के लिए डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार के रूप में संजय घाड़ी का नाम तय किया है.

तावड़े की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए बीजेपी विधायक अमीत सातम ने कहा, “मैंने पहले दिन से कहा था कि हम मुंबई को एक मराठी हिंदू मेयर देंगे. हो सकता है कि वे (विपक्ष) किसी और को चाहते हों, लेकिन हमारे कारण मुंबई को एक मराठी हिंदू कोंकणी मालवणी मेयर मिला है.”

अगर तावड़े चुनी जाती हैं, तो वे मुंबई के इतिहास में बीजेपी की दूसरी मेयर होंगी. पहली मेयर प्रभाकर पई थे, जिन्होंने 1982 से 1983 तक यह पद संभाला था.

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की कॉरपोरेटर और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा, “बीजेपी को आखिरकार यह मानना पड़ा कि हिंदुओं में मराठी मानुस (स्थानीय मराठी लोग) भी आते हैं. उन्होंने एक मराठी मेयर दिया है. हम कोई रुकावट नहीं डालेंगे. सीटों का गणित है, जिसे हम मानते हैं. हम नियमों के अनुसार एक मज़बूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और किसी दबाव में नहीं आएंगे.”

जानिए कौन हैं रितु तावड़े?

जनवरी के नतीजों के बाद यह साफ हो गया था कि बीजेपी मेयर बनाने की स्थिति में है. इसके बाद लॉटरी के ज़रिये तय हुआ कि इस बार मेयर एक महिला होंगी. इसके बाद रितु तावड़े इस पद की सबसे आगे की दावेदारों में शामिल हो गईं.

शनिवार को तावड़े ने पत्रकारों से कहा, “हम सभी महिला कॉरपोरेटरों ने एक जंग लड़ी और जीती है, इसलिए किसी को नहीं पता था कि यह मौका किसे मिलेगा, लेकिन बीजेपी एक अनुशासित पार्टी है और हम सभी पार्टी के फैसले का सम्मान करते हैं.”

महाराष्ट्र में अलग-अलग नगरपालिकाओं में मेयर पद के आरक्षण का फैसला राज्य सरकार लॉटरी के ज़रिये करती है. बीएमसी के मामले में इस बार लॉटरी में सामान्य वर्ग की महिला उम्मीदवार का चयन हुआ. इसके बाद बीएमसी की जनरल बॉडी अगले हफ्ते मेयर चुनने के लिए बैठक करेगी.

तावड़े घाटकोपर के एक वार्ड का प्रतिनिधित्व करती हैं. घाटकोपर मुंबई का पूर्वी उपनगर है और इसे बीजेपी का मजबूत इलाका माना जाता है. वह 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं और तब से हर नगर निगम चुनाव में कॉरपोरेटर चुनी जाती रही हैं.

गुजराती बहुल घाटकोपर इलाके से आने वाली एक आक्रामक मराठी चेहरे के रूप में देखी जाने वाली तावड़े पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.

2013 में उन्होंने दुकानों के बाहर लगे पुतलों (मैनिक्विन) पर अंतर्वस्त्र (लिंजरी) दिखाने पर प्रतिबंध लगाने की ज़ोरदार मांग की थी. जब यह प्रस्ताव पहली बार चर्चा में आया, तो बीएमसी ने कॉरपोरेटरों को बताया कि मुंबई नगर निगम अधिनियम के तहत ऐसा पूरा प्रतिबंध लगाना संभव नहीं है.

महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 के तहत कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन इसके लिए केवल राजपत्रित अधिकारी ही ऐसा आदेश दे सकता था. यह मांग बाद में 2019 में उस समय की अविभाजित शिवसेना की कॉरपोरेटर शीतल म्हात्रे ने फिर से उठाई थी. फिलहाल म्हात्रे शिंदे गुट के साथ हैं.

अगर तावड़े मेयर बनती हैं, तो उन्हें विपक्ष की बेंचों पर बैठे चार पूर्व मेयरों—किशोरी पेडनेकर, विशाखा राउत, श्रद्धा जाधव और मिलिंद वैद्य, का सामना करना होगा.

हालांकि, इससे वह परेशान नहीं दिखतीं.

तावड़े ने कहा, “यह पद ऐतिहासिक महत्व वाला है और हमें इसकी गरिमा बनाए रखनी होगी. जनरल बॉडी में बैठा हर व्यक्ति मुंबई के भले के लिए काम करना चाहता है. मेरी सच्ची इच्छा है कि हम सब पार्टी मतभेद भूलकर इस लक्ष्य की ओर काम करें.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments