scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमराजनीति'प्रधानमंत्री भयंकर दबाव में हैं, इसलिए अमेरिका के साथ किया व्यापार समझौता': राहुल ने लगाए आरोप

‘प्रधानमंत्री भयंकर दबाव में हैं, इसलिए अमेरिका के साथ किया व्यापार समझौता’: राहुल ने लगाए आरोप

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से व्यापार समझौते की घोषणा का अनुरोध किया.

Text Size:

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “भयंकर दबाव” में हैं, इसलिए उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया है.

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने इस समझौते के जरिए किसानों और देश को “बेच दिया है” और वह इस डर में हैं कि कहीं उनकी “छवि का गुब्बारा” फूट न जाए.

भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय उत्पादों पर शुल्क को कुल 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा.

राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी घबराए हुए हैं. जो व्यापार समझौता चार महीने से रुका हुआ था, उसमें कुछ बदला नहीं और कल शाम उस पर हस्ताक्षर कर दिया गया. इसके पीछे क्या कारण है, यह मैं जानता हूं और नरेंद्र मोदी जानते हैं.”

उन्होंने दावा किया, “मोदी जी पर भयंकर दबाव है. उनकी छवि का जो गुब्बारा हजारों करोड़ रुपये खर्च कर बनाया गया था, वह फूट सकता है. असल समस्या पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे का बयान नहीं है. यह तो साइड शो है. बड़ी बात यह है कि भारत के प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड हो चुके हैं.”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, “देश के किसानों को समझना चाहिए कि इस समझौते में आपकी मेहनत और खून-पसीने को नरेंद्र मोदी ने बेच दिया है. उन्होंने सिर्फ आपको नहीं, देश को बेच दिया है.”

राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री पर दबाव के दो कारण हैं. पहला कारण एप्सटीन फाइल हैं, जिनमें अभी बहुत सामग्री जारी होना बाकी है. दूसरा कारण अमेरिका में उद्योगपति गौतम अडाणी के खिलाफ दर्ज मामला है.

उन्होंने कहा, “अडाणी पर मामला दरअसल नरेंद्र मोदी के वित्तीय ढांचे पर है. देश समझ ले कि प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड हैं.”

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से व्यापार समझौते की घोषणा का अनुरोध किया.

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि अगर प्रधानमंत्री यह सोचते हैं कि इससे विमर्श की दिशा बदली जा सकती है, तो वे गलत हैं, क्योंकि राष्ट्रीय सुरक्षा और किसानों से जुड़ा उनका दोहरा चरित्र अब सामने आ चुका है.

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.


share & View comments