scorecardresearch
Friday, 18 October, 2024
होमराजनीतिझारखंड चुनाव में NDA ने सीट बंटवारे का बताया फॉर्मूला; BJP 68, AJSU 10, JDU 2 और LJP 1 सीट पर लड़ेगी चुनाव

झारखंड चुनाव में NDA ने सीट बंटवारे का बताया फॉर्मूला; BJP 68, AJSU 10, JDU 2 और LJP 1 सीट पर लड़ेगी चुनाव

81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को चुनाव होने हैं. दोनों राज्यों में 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी.

Text Size:

रांची: भारतीय जनता पार्टी आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव एनडीए सहयोगियों; ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू), जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के साथ मिलकर लड़ेगी, पार्टी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

मौजूदा समझौते के अनुसार, आजसू 10 सीटों पर, जेडीयू 2 सीटों पर और एलजेपी चतरा की एकमात्र सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भाजपा शेष 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, केंद्रीय मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री और झारखंड में चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड चुनाव एनडीए मिलकर लड़ेगा.

चौहान ने कहा, “झारखंड में भाजपा, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू), जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) मिलकर चुनाव लड़ेंगे. सीटों के बंटवारे पर भी सहमति बन गई है और जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी.”

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा के सहयोगी दलों आजसू, जदयू और लोजपा द्वारा चुनाव लड़ी जाने वाली सीटों के बारे में विस्तृत जानकारी दी.

सरमा ने कहा, “सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा चल रही है. फिलहाल, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. जनता दल (यूनाइटेड) 2 सीटों पर और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एक सीट पर…बाद में कुछ सीटों पर कुछ समायोजन हो सकता है, लेकिन अभी तक की स्थिति यही है.”

भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी.

81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को चुनाव होने हैं. दोनों राज्यों में 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी.

झारखंड में कुल 2.60 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं. राज्य में 11.84 लाख ऐसे मतदाता हैं जो पहली बार मतदान करेंगे.


यह भी पढ़ेंः हरियाणा के 13 मंत्रियों में से पांच OBC, 2-2 जाट, ब्राह्मण, SC समुदाय से, सैनी कैबिनेट में संतुलित मिश्रण


 

share & View comments