नई दिल्ली: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह नई दिल्ली में 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.
झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन ने X पर पोस्ट कर उनके निधन की पुष्टि की.
हेमंत सोरेन ने कहा, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए. आज मैं बेहद दुखी हूं.”
राष्ट्रीय राजधानी के श्री गंगाराम अस्पताल के अनुसार, जहां पूर्व मुख्यमंत्री भर्ती थे, शिबू सोरेन किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक आया था. वह पिछले एक महीने से लाइफ सपोर्ट पर थे.
भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “एक युग का अंत हो गया, ईश्वर आपको और आपके पूरे परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें. आदरणीय शिबू सोरेन जी ने झामुमो के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया.”
शिबू सोरेन ने 38 वर्षों तक झारखंड मुक्ति मोर्चा का नेतृत्व किया और उन्हें पार्टी का संस्थापक संरक्षक माना जाता है. वह झारखंड के तीसरे मुख्यमंत्री थे.
चार दशकों से अधिक लंबे राजनीतिक करियर में सोरेन आठ बार लोकसभा सांसद चुने गए और दो बार राज्यसभा सांसद रहे.
यह भी पढ़ें: कोविड के बाद बिहार के स्टार्टअप ज़ोन प्रवासियों की लाइफलाइन बने लेकिन अब उनकी गति थम रही है