हैदराबाद: तेलुगु देशम पार्टी के सदस्यता अभियान खत्म करने के तुरंत बाद उसकी सहयोगी जन सेना पार्टी अब अपना सदस्यता अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है. यह जानकारी दिप्रिंट को मिली है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रस्ताव है कि नए सदस्यों को दुर्घटना बीमा और कई अन्य लाभ दिए जाएंगे.
यह सदस्यता अभियान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और विदेश में रहने वाले समर्थकों के लिए खुला है.
मौजूदा सदस्यता अभियान के तहत किसी व्यक्ति को पार्टी में शामिल होने या पुरानी सदस्यता नवीनीकृत करने के लिए 400 रुपये फीस देनी होगी. 2024 में यह फीस 500 रुपये थी, जिसे अब घटाया गया है.
पार्टी सदस्यों को मिलने वाले लाभों में प्रति कार्यकर्ता 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर, किसी गंभीर चोट से स्थायी विकलांगता होने पर 2 लाख रुपये, अचानक अस्पताल में भर्ती होने पर 50,000 रुपये और विपक्षी दलों द्वारा राजनीतिक कारणों से दर्ज मामलों में कानूनी सहायता शामिल है.
शामिल होने की फीस को प्रीमियम माना जाता है और इसे अन्य पार्टी गतिविधियों में भी इस्तेमाल किया जाता है. बीमा दावों का निपटारा सदस्य या उसके परिवार द्वारा जरूरी दस्तावेज जमा करने के बाद पार्टी करती है.
2014 में अभिनेता से नेता बने के. पवन कल्याण ने जन सेना पार्टी की स्थापना की थी. पार्टी ने सदस्यता बढ़ाने, राजनीतिक अभियानों के लिए समर्थन मजबूत करने और मतदाताओं से जुड़ाव बढ़ाने के लिए कई नए तरीके अपनाए हैं. आंध्र प्रदेश के कई क्षेत्रों में, जहां पिछली चुनावों में उसके प्रतिद्वंद्वी बेहतर रहे थे, वहां समर्थन बढ़ाने की कोशिश की गई है. खास मुद्दों और समूहों के लिए मिस्ड कॉल अभियान से लेकर ‘जनसेना तरंगम’ अभियान तक, जिसमें लोगों को फोन कर पार्टी की विचारधारा और घोषणापत्र विस्तार से बताया गया, पार्टी ने डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल कर अपना आधार बढ़ाया है.
जन सेना नेता संदीप पंचकार्ला ने दिप्रिंट से कहा, “सभी नए सदस्यों को हाल ही में लॉन्च किए गए एस्ट्रा मोबाइल ऐप के जरिए जोड़ा जाएगा. इसके माध्यम से भारत में कोई भी सदस्य बन सकता है. प्रक्रिया शुरू करने के लिए हमें केवल वोटर आईडी और आधार कार्ड चाहिए.” उन्होंने कहा कि यह ऐप सदस्यों की भागीदारी और गतिविधियों को भी ट्रैक करेगा.
सदस्यता का पहला चरण 26 फरवरी से शुरू होकर दो हफ्ते चलेगा. दूसरा चरण पार्टी के स्थापना दिवस 14 मार्च के बाद शुरू होने की संभावना है.
2024 में जन सेना ने 15 लाख से अधिक लोगों को सदस्य बनाया था. मौजूदा बहु-चरणीय अभियान के जरिए पार्टी कुल सदस्य संख्या 25 लाख तक पहुंचाना चाहती है. पिछले हफ्ते 2 करोड़ रुपये का योगदान देकर इस अभियान की शुरुआत करते हुए पार्टी अध्यक्ष पवन कल्याण ने घोषणा की कि कार्यकर्ताओं को उनके सहयोग और गतिविधियों के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा. उद्यमी, साधक और प्रदाता.
अनुमान है कि सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद आंध्र प्रदेश की एक तिहाई आबादी जन सेना या तेलुगु देशम पार्टी की सदस्य होगी. 2011 की जनगणना के अनुसार आंध्र प्रदेश के वर्तमान क्षेत्रों में 4.93 करोड़ लोग रहते हैं. दोनों पार्टियों के मिलाकर 1.35 करोड़ सदस्य हो जाएंगे.
तेलुगु देशम का सदस्यता अभियान
चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 1.19 करोड़ सदस्य जोड़कर अपना सदस्यता अभियान पूरा किया. पार्टी सूत्रों ने दिप्रिंट को यह जानकारी दी. इनमें से 97 लाख सदस्य 60 वर्ष से कम उम्र के हैं.
एक बार की सदस्यता फीस 100 रुपये थी.
पार्टी सदस्यों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा. साथ ही मृत सदस्यों के बच्चों को पार्टी द्वारा संचालित एनटी रामाराव ट्रस्ट के माध्यम से कक्षा 6 से 12 तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी.
ट्रस्ट के पैनल में शामिल अस्पतालों में सदस्यों को रियायती दर पर इलाज देने का भी वादा किया गया है.
तेलंगाना में टीडीपी आईटी विंग के प्रमुख हरि कृष्णा ने कहा, “हम भारत की पहली पार्टी थे जिसने 2012 में ही पूरे सदस्यता प्रक्रिया को डिजिटल किया. ऑरकुट, फेसबुक और अब इंस्टाग्राम पर समूह बनाने से लेकर, हमारे पास पूरी तरह तकनीक आधारित प्रणाली है, जिससे हम सदस्यों से जुड़े रहते हैं, उन्हें कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं और उनकी गतिविधियों का आकलन भी करते हैं.”
पार्टी ने बताया कि पिछले दस वर्षों में उसने 5,966 सदस्यों के दुर्घटना और संबंधित दावों का निपटारा किया है.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: मिलिए नीरज गोयत से—मुक्केबाज़ी, विवाद और शोहरत के बीच जीते दोहरी ज़िंदगी
