scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशस्वास्थ्य सम्मेलन : वक्ताओं ने भारत में कोविड मौतों की डब्ल्यूएचओ रिपोर्ट पर आपत्ति जताई

स्वास्थ्य सम्मेलन : वक्ताओं ने भारत में कोविड मौतों की डब्ल्यूएचओ रिपोर्ट पर आपत्ति जताई

Text Size:

केवडिया (गुजरात), छह मई (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) के 14 वें सम्मेलन में विश्व स्वास्थ्य संगठन की उस रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई गई जिसमें भारत में कोविड महामारी के कारण 47 लाख लोगों की मौत होने का अनुमान लगाया गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वक्ताओं ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट को आधारहीन और तथ्यों से रहित बताया।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की शीर्ष सलाहकार संस्था सीसीएचएफडब्ल्यू का तीन दिवसीय सम्मेलन यहां बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया कर रहे हैं। सम्मेलन में करीब 20 स्वास्थ्य मंत्री और कुछ राज्यों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जतायी। मंत्रालय ने कहा कि भारत डब्ल्यूएचओ द्वारा गणितीय मॉडल के आधार पर अधिक मृत्यु दर का अनुमान लगाने के लिए अपनाई गई कार्यप्रणाली पर लगातार आपत्ति जताता रहा है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ने डब्ल्यूएचओ को यह भी सूचित किया था कि भारत के रजिस्ट्रार जनरल (आरजीआई) द्वारा नागरिक पंजीकरण प्रणाली (सीआरएस) के माध्यम से प्रकाशित प्रामाणिक डेटा की उपलब्धता को देखते हुए गणितीय मॉडल का उपयोग भारत के लिए अतिरिक्त मृत्यु संख्या को पेश करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

बयान में कहा गया, ‘‘इस मॉडल की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और परिणाम पर भारत की आपत्ति के बावजूद डब्ल्यूएचओ ने भारत की चिंताओं को पर्याप्त रूप से संबोधित किए बिना अतिरिक्त मृत्यु दर का अनुमान जारी किया है।’’

बयान में कहा गया है कि भारत का दृढ़ विश्वास है कि डब्ल्यूएचओ को किसी सदस्य देश के कानूनी ढांचे के तहत सामने आए सटीक आंकड़ों का सम्मान, स्वीकार और उपयोग करना चाहिए न कि गैर-आधिकारिक स्रोतों के आधार पर गणितीय प्रक्षेपण पर निर्भर होना चाहिए।

भाषा

अविनाश माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments