scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशयुवा अपने नए विचारों, दृष्टि के साथ भारत को विकसित देश बनाने में भूमिका निभाएं: बिरला

युवा अपने नए विचारों, दृष्टि के साथ भारत को विकसित देश बनाने में भूमिका निभाएं: बिरला

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कहा कि युवाओं को अपने नए विचारों और दृष्टि के साथ भारत को एक विकसित देश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

‘अपने नेता को जानें’ कार्यक्रम के युवा प्रतिभागियों को आंबेडकर जयंती पर संसद के केंद्रीय कक्ष में संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र के लिए, विशेष रूप से समाज के वंचित वर्गों की बेहतरी के लिए समर्पित कर दिया तथा संसाधनों की कमी और रुकावटों के बावजूद अपनी लगन और मेहनत के दम पर बेहतरीन शिक्षा हासिल की।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनका (आंबेडकर) पूरा जीवन भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा है।’’

लोकसभा अध्यक्ष ने डॉ. आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘बाबा साहेब द्वारा दिया गया संविधान अभी भी लोगों की सेवा करने के मार्ग पर हमारा मार्गदर्शन करता है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा।’’

लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, बिरला ने आजादी के बाद के भारत में योजना और आर्थिक विकास में डॉ. आंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबासाहेब की दृष्टि ने भारत की एकता को मजबूत किया है।

लोकसभा अध्यक्ष ने भारत के युवाओं को उन महान हस्तियों के जीवन के बारे में पढ़ने की सलाह दी जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बिरला ने उम्मीद जताई कि डॉ. आंबेडकर का जीवन युवाओं को सफलता के पथ पर अग्रसर करने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने नए विचारों और दृष्टि के साथ भारत को एक विकसित देश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

बिरला ने कहा, ‘‘ हमारी प्रगति में राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित होनी चाहिए और हमारा उद्देश्य हमारे संविधान के मूल्यों के अनुसार एक विकसित, मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण करना होना चाहिए।’’

भाषा दीपक

दीपक नरेश नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments