scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमदेशनेपाल में सड़क हादसे में मारे गए उप्र के लोगों के परिवारों में मातम

नेपाल में सड़क हादसे में मारे गए उप्र के लोगों के परिवारों में मातम

Text Size:

अलीगढ़/कासगंज (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) नेपाल में सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के दो जिलों के दो दंपतियों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया है।

अलीगढ़ के जयगंज निवासी राकेश अग्रवाल एवं उनकी पत्नी साधना और कासगंज के अमांपुर निवासी उनके करीबी रिश्तेदार विमल अग्रवाल एवं उनकी पत्नी संध्या (कासगंज) उन पांच लोगों में शामिल थे, जिनकी रविवार रात थाकरे इलाके में पृथ्वी हाईवे पर दुर्घटना में मौत हो गई। राकेश अग्रवाल जयगंज में एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान चलाते थे।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वे लोग काठमांडू से हवाई मार्ग से सोमवार को नई दिल्ली लौटने वाले थे।

हादसे की खबर मिलते ही दंपती के दोस्तों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गयी।

पारिवारिक सूत्रों ने कहा कि राकेश अग्रवाल के दो बेटे अपने माता-पिता के पार्थिव शरीर को लाने के लिए नेपाल गए हैं।

कासगंज के अमापुर नगर कस्बे के निवासी विमल अग्रवाल और संध्या अग्रवाल राकेश अग्रवाल के करीबी रिश्तेदार थे और उनके साथ नेपाल गए थे।

कासगंज में विमल के परिचितों ने बताया कि विमल अग्रवाल के बेटे विवेक अग्रवाल दिल्ली में न्यायिक मजिस्ट्रेट हैं।

गौरतलब है कि नेपाल के धाडिंग जिले में कार और बस की टक्कर में चार भारतीय पर्यटकों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना में वाहन चालक की भी मौत हो गयी थी।

भाषा सं आनन्द

शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments