दाहोद, 10 मई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भाजपा शासित गुजरात में पार्टी के विधायकों से चुनावी तैयारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों के साथ लगातार संपर्क में रहें और मतदाताओं का विश्वास जीतने के लिए उनके मुद्दों को मुखरता से उठाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य इकाई का 125 सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
एक रैली को संबोधित करने के बाद गांधी ने गुजरात के दाहोद शहर में एक सभागार में कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने उसी सभागार में गुजरात में पार्टी के जनजातीय नेताओं के साथ अलग से मुलाकात की।
कांग्रेस के समर्थन से 2017 में बनासकांठा जिले के वडगाम से निर्दलीय के तौर पर चुनाव जीतने वाले विधायक जिग्नेश मेवानी भी बैठक में मौजूद थे।
बैठक के बाद कांग्रेस विधायक हिम्मतसिंह पटेल ने संवाददाताओं को बताया, “राहुलजी ने विधायकों से कहा कि वे नियमित रूप से लोगों के संपर्क में रहें। उन्होंने हमसे कहा कि अगर हम उनके लिए लड़ेंगे और उनके मुद्दों को सुलझाएंगे तो लोग हम पर भरोसा करेंगे।”
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक शैलेश परमार ने कहा कि गांधी ने विधायकों से कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से राज्य में विपक्ष में बैठ रही पार्टी कुल 182 में से 125 सीटें (राज्य इकाई द्वारा निर्धारित लक्ष्य) जीतकर गुजरात में अगली सरकार बनाएगी।
परमार ने कहा, “उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों, युवाओं, आदिवासियों और अनुसूचित जातियों के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। आगामी चुनावों में बेरोजगारी भी एक प्रमुख मुद्दा होगा। राहुल जी ने सभी 64 मौजूदा विधायकों को भाजपा की पार्टी को तोड़ने के हथकंडों के बावजूद कांग्रेस में रहने के लिए बधाई दी।”
कांग्रेस के दलित विधायक नौशाद सोलंकी ने कहा कि गांधी ने इस बात पर भी चिंता व्यक्त की कि पार्टी कार्यकर्ता भाजपा शासन के तहत मूल्य वृद्धि और उनके आम लोगों के जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव के बारे में लोगों को समझा नहीं पा रहे हैं।
सोलंकी ने कहा, “हालांकि महंगाई से लोगों को काफी नुकसान हो रहा है, राहुल जी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब भी जनता के बीच यह धारणा बनाने में पिछड़ रहे हैं।”
युवा कांग्रेस विधायक विमल चुडास्मा ने कहा कि वायनाड के लोकसभा सांसद ने विधायकों से सौराष्ट्र, उत्तरी गुजरात, दक्षिण गुजरात और पश्चिमी गुजरात जैसे क्षेत्रवार मुद्दों को साझा करने को कहा।
बैठक में शामिल हुए मेवानी ने कहा कि गांधी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस के लिए गुजरात में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव जीतना संभव है। पार्टी 2017 में कम अंतर से बहुमत का आंकड़ा हासिल करने से चूक गई थी।
पिछले चुनाव में भाजपा ने 99 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई थीं। बाद में कुछ कांग्रेस विधायकों ने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था।
भाषा
प्रशांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
