scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमदेशवाईएसआरसीपी नेता अंबाती रामबाबू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

वाईएसआरसीपी नेता अंबाती रामबाबू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Text Size:

गुंटूर (आंध्र प्रदेश), दो फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में वाईएसआरसीपी नेता अंबाती रामबाबू को सोमवार को यहां की एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में रामबाबू को शनिवार को गुंटूर जिले से गिरफ्तार किया गया था।

स्थानीय समाचार चैनलों पर प्रसारित फुटेज के अनुसार, शनिवार दोपहर से लेकर देर रात तक गुंटूर की सड़कों और रामबाबू के आवास पर भारी हंगामा हुआ। इस दौरान तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं को विपक्षी नेता के घर और वाहनों में तोड़फोड़ करते देखा गया।

पुलिस ने बताया कि रामबाबू को रविवार देर रात राजमुंद्री सेंट्रल जेल ले जाया गया और उसके बाद शुरुआती घंटों में जेल अधिकारियों को औपचारिक रूप से सौंप दिया गया।

पुलिस ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘रामबाबू को स्थानीय अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। उन्हें सोमवार रात करीब 12.30 बजे राजमुंद्री केंद्रीय जेल स्थानांतरित कर दिया गया।’

पुलिस के अनुसार, यह मामला शनिवार को गोरंटला स्थित ‘चिलीज सेंटर’ में हुई घटनाओं से संबंधित है, जहां रामबाबू ने कथित तौर पर यातायात पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली और एनटीआर की प्रतिमा के पास तेदेपा का बैनर हटाए जाने को लेकर हुए विवाद में शामिल थे।

पुलिस ने कहा कि तेदेपा के एक स्थानीय नेता की शिकायत पर एक अलग मामला दर्ज किया गया है। इसमें रामबाबू पर एक प्रेस वार्ता और बाद में घटनास्थल पर मुख्यमंत्री के खिलाफ ‘धमकी देने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और अपमानजनक टिप्पणी करने’ का आरोप लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, रामबाबू के खिलाफ सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने तथा धमकी देने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि रामबाबू को राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments