पीलीभीत (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में भगवान राम से संबंधित कथित ‘आपत्तिजनक’ वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस बीच, कथित आपत्तिजनक वीडियो के खिलाफ हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि जिले के बिलसंडा क्षेत्र में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया मंच पर भगवान राम को लेकर कथित आपत्तिजनक वीडियो साझा करने का मामला सामने आया है।
वीडियो वायरल होने के बाद, हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसकी वजह से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
बिलसंडा के थानाध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान मकरंदपुर गांव निवासी अमित के रूप में हुई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्य एकत्र करने के बाद नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार अमित पर आरोप है कि उसने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक ऐसा वीडियो साझा किया जिसमें भगवान राम के खिलाफ ‘‘अभद्र और आपत्तिजनक’’ टिप्पणियां की गई हैं। यह वीडियो स्थानीय व्हाट्सऐप ग्रुप और फेसबुक पर तेजी से प्रसारित हुआ, जिससे हिंदू समुदाय के लोगों में नाराजगी फैल गई।
वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट हो गए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पोस्ट जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और सामाजिक विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से साझा की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि हिंदू संगठनों ने आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी एकत्र की जा रही है और किसी भी अवांछित घटना को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
