scorecardresearch
Tuesday, 24 November, 2026
होमदेशबिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप

बिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप

Text Size:

सहरसा, 24 नवंबर (भाषा) बिहार के सहरसा जिले में मंगलवार को पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक मृतक की पहचान सौर बाजार थाना क्षेत्र के करहिया निवासी अनमोल शर्मा (26) के रूप में हुई है।

सहरसा सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) पंकज कुमार ने बताया कि अनमोल ने थाने के शौचालय में कथित तौर पर तौलिये से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

अधिकारी ने बताया कि उसे सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अनमोल की शादी करीब सात महीने पहले हुई थी। आरोप है कि उसका किसी अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शनिवार को घर से भाग गए और बाद में शादी कर ली।

अधिकारियों ने बताया कि महिला के परिजनों की शिकायत के बाद दोनों को रविवार को थाने लाया गया था और उनसे पूछताछ की जा रही थी।

अनमोल के परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला के परिवार के कहने पर थाने में उसके साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

भाषा

कैलाश रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments