scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशमहिला आयोग ने अलीगढ़ छात्रा आत्महत्या मामले में प्राथमिकी और गिरफ्तारी की मांग की

महिला आयोग ने अलीगढ़ छात्रा आत्महत्या मामले में प्राथमिकी और गिरफ्तारी की मांग की

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक नाबालिग छात्रा द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने के मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आरोप है कि छात्रा ने अपने शिक्षक द्वारा किए जा रहे यौन उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया राहटकर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।

महिला आयोग ने राज्य पुलिस से सात दिनों के भीतर इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

मीडिया में आई खबरों का हवाला देते हुए आयोग ने कहा कि छात्रा ने शिक्षक द्वारा कथित यौन उत्पीड़न, धमकियों और लगातार डराने-धमकाने के कारण आत्महत्या की। आयोग ने इस घटना को लड़कियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है और इसे उनके अधिकारों व गरिमा का घोर उल्लंघन बताया है।

एनसीडब्ल्यू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ इस घटना से शिक्षण संस्थानों में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करते हुए आयोग ने कहा कि यह लड़कियों के अधिकारों और गरिमा का घोर उल्लंघन है।’’

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष ने पुलिस को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष, समयबद्ध और संवेदनशील जांच, साक्ष्यों की जांच तथा पीड़िता के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके अलावा महिला आयोग ने शैक्षणिक संस्थानों में जागरुकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है, ताकि बच्चे उत्पीड़न के खिलाफ खुलकर आवाज उठा सकें।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments