(मोहित सैनी)
नई दिल्ली, 26 नवंबर (भाषा) भारतीय संविधान का निर्माण एक सामूहिक प्रक्रिया थी, जिसमें जाने-माने नेताओं के साथ-साथ कई अन्य ने भी योगदान दिया। महिलाओं, आदिवासी नेताओं, अनुसूचित जातियों के सदस्यों और पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों ने देश के राजनीतिक, सामाजिक और संवैधानिक भविष्य पर हुई चर्चाओं में विविध दृष्टिकोण रखे और इस तरह गणराज्य की परिकल्पना को आकार देने में मदद की।
उनके योगदान में समानता और सामाजिक न्याय की पैरवी करने से लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने, अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षा उपायों की मांग करने और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा करने तक कई पहलू शामिल थे।
संविधान सभा के 299 सदस्यों में केवल 15 महिलाएं थीं। इनमें से एक हंसा मेहता थीं, जिन्होंने बंबई का प्रतिनिधित्व किया और महिलाओं के लिए समान अधिकारों तथा अवसरों की वकालत की।
उन्नीस दिसंबर, 1946 को उद्देश्य प्रस्ताव पर हुई चर्चा के दौरान मेहता ने कहा कि महिलाओं को अब भी कानूनों, रीति-रिवाजों और सामाजिक प्रथाओं के कारण असमानता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिला संगठनों ने कभी भी आरक्षित सीटों, कोटे या अलग निर्वाचन मंडलों की मांग नहीं की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय की मांग की है।’’’ मेहता ने दलील दी कि महिलाओं की भागीदारी के बिना देश दुनिया में अपना उचित स्थान हासिल नहीं कर सकता।
एक अन्य महिला सदस्य दक्षायणी वेलायुधन थीं, जिन्होंने मद्रास का प्रतिनिधित्व किया था। वह संविधान सभा की एकमात्र दलित महिला सदस्य थीं और संविधान निर्माण की प्रक्रिया में सामाजिक बदलाव की परिकल्पना लेकर आई थीं।
उद्देश्य प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा था कि संविधान सभा का काम केवल एक कानूनी दस्तावेज तैयार करना नहीं, बल्कि लोगों को जीवन के लिए एक नयी रूपरेखा देना भी है। उन्होंने ऐसे गणराज्य की परिकल्पना की, जहां राजनीतिक शक्ति का स्रोत जनता हो और जाति या समुदाय के आधार पर कोई भेदभाव न हो।
अस्पृश्यता उन्मूलन पर 29 नवंबर, 1948 को हुई चर्चा के दौरान वेलायुधन ने याद किया कि स्कूलों में भी यह प्रथा जारी थी। उन्होंने सामाजिक सोच में बदलाव लाने के लिए केवल कानून बनाने से आगे बढ़कर प्रयास करने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि संविधान की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि भविष्य में लोग किस तरह आचरण करते हैं।
अनुसूचित जातियों की चिंताओं को बंगाल के सदस्य पी. आर. ठाकुर ने भी अपनी बातों के जरिए उठाया। उन्होंने इस समुदाय की ओर से सदन में अपनी बात रखी।
ठाकुर ने 19 दिसंबर, 1946 को उद्देश्य प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे ऐसा दस्तावेज बताया, जिससे लोगों में उम्मीदें जगी थीं।
बिहार से संविधान सभा के लिए चुने गए जयपाल सिंह मुंडा आदिवासी समुदाय की प्रमुख आवाजों में से एक बनकर उभरे। उन्होंने सलाहकार समिति की असम के अलावा अन्य अलग और आंशिक रूप से अलग क्षेत्रों संबंधी उपसमिति में भी काम किया।
उद्देश्य प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सिंह ने कहा कि वह तीन करोड़ से अधिक आदिवासियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आदिवासी समुदायों की लोकतांत्रिक परंपराओं की ओर भी सदन का ध्यान दिलाया।
उन्होंने कहा, ‘‘आप आदिवासी लोगों को लोकतंत्र नहीं सिखा सकते, बल्कि आपको उनसे लोकतांत्रिक तरीके सीखने होंगे।’’
पूर्वोत्तर के आदिवासी समुदायों ने भी संवैधानिक सुरक्षा उपायों और आदिवासी क्षेत्रों के प्रशासन से जुड़ी चर्चाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
असम का प्रतिनिधित्व करने वाले जे. जे. एम. निकोल्स-रॉय इस क्षेत्र के पहाड़ी समुदायों के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान के प्रमुख पैरोकार के रूप में उभरे।
छह सितंबर, 1949 को छठी अनुसूची पर हुई चर्चा के दौरान उन्होंने इन समुदायों की लोकतांत्रिक परंपराओं, सामाजिक समानता और श्रम को दिए जाने वाले सम्मान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत को उनकी ‘‘समानता और वास्तविक लोकतंत्र’’ की समझ से सीखना चाहिए।
असम का प्रतिनिधित्व करने वाले और आदिवासी तथा अलग रखे गए क्षेत्र संबंधी उपसमिति के अध्यक्ष गोपीनाथ बोरदोलोई ने पहाड़ी समुदायों की मौजूदा संस्थाओं का पक्ष लिया।
संविधान सभा में धार्मिक और भाषाई अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा हुई।
बंगाल से सभा के सदस्य और अल्पसंख्यक उपसमिति के अध्यक्ष डॉ. एच. सी. मुखर्जी ने 27 अगस्त, 1947 को अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षा उपायों पर हुई चर्चा के दौरान कहा कि देश की शांति और प्रगति के लिए अल्पसंख्यकों की चिंताओं का समाधान करना जरूरी है।
संयुक्त प्रांत का प्रतिनिधित्व करने वालीं बेगम एजाज रसूल ने आठ दिसंबर, 1948 को भाषाई अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चों की प्राथमिक शिक्षा पर हुई चर्चा में अपनी बात रखी।
उन्होंने प्रस्ताव दिया कि ऐसे बच्चों को अपनी भाषा और लिपि में प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार होना चाहिए। उनका तर्क था कि बच्चों पर किसी अपरिचित भाषा में पढ़ाई करने का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। हालांकि, आधिकारिक कार्यवाही के रिकॉर्ड के अनुसार, उन्होंने अपना संशोधन पेश नहीं किया।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.