ईटानगर, 28 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन इलाके में मंगलवार को भूस्खलन में जमींदोज हुए मकान में दबकरएक 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) मोरोमी सोनम ने बताया कि यह घटना तकर कॉलोनी में हुई।
मृतक की पहचान सांगियो यापा के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि एक दो साल के बच्चे सहित तीन लोगों को मलबे से बचाया गया।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अप्रैल से अबतक बारिश से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
अधिकारी ने बताया, ईटानगर, नाहरलागुन, निरजुली और बंदरदेवा क्षेत्रों सहित राजधानी परिसर के विभिन्न हिस्सों से भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थितियों की सूचना मिली है, जिससे घरों, सड़कों और इमारतों को भारी नुकसान हुआ है।
होलोंगी में निर्माणाधीन डोनी पोलो ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे का संपर्क मार्ग बाढ़ के पानी में डूब गया था, जबकि राज्य की राजधानी के कई निचले इलाके जलमग्न हो गये।
ईटानगर में अधिकांश नदियां, नाले, उफान पर हैं, जिससे इलाके और महत्वपूर्ण सड़कें खतरे में हैं।
अधिक बारिश के पूर्वानुमान के बाद, राजधानी जिला प्रशासन ने स्कूलों को 29 जून से तीन दिनों के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है।
राज्य के अन्य जिलों से भी भूस्खलन और बाढ़ की खबरें आई हैं।
भाषा फाल्गुनी पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
