नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक इलेक्ट्रिक कार ने रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और उसे सिर में गंभीर चोटें आईं।
यह घटना सोमवार को जीटीके रोड पर सत्यवती ‘कट’ के पास हुई। मृतक की पहचान किरण देवी के रूप में हुई है।
मॉडल टाउन थाने में दुर्घटना के संबंध में पीसीआर से जानकारी प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि घायल महिला को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घायल व्यक्ति को इलाज के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। व्यक्ति की पहचान पूरन मल के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया, ‘शुरुआती जांच में पता चला है कि इलेक्ट्रिक कार ने रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।’
पुलिस टीम ने दुर्घटना के चश्मदीदों और आसपास के लोगों से भी घटनाओं के क्रम के बारे में जानकारी जुटाई है। जांच के तहत उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कहा कि कार चालक अंजली अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है और संबंधित वाहन को जब्त कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
