scorecardresearch
Thursday, 19 September, 2024
होमदेशसपा सरकार में ही आखिर क्‍यों होते हैं दंगे : राजनाथ

सपा सरकार में ही आखिर क्‍यों होते हैं दंगे : राजनाथ

Text Size:

फर्रुखाबाद/कासगंज (उप्र) , 30 जनवरी (भाषा) रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि आखिर उत्तर प्रदेश में सपा के शासनकाल में ही दंगे क्यों होते हैं।

रक्षा मंत्री ने रविवार को कासगंज और फर्रुखाबाद में आयोजित चुनाव प्रचार कार्यक्रमों सपा को मुख्य रूप से कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा, ”मैं जानना चाहता हूं कि दंगे हमेशा सपा सरकार में ही क्यों होते हैं, गुंडे, बदमाश खुलेआम क्‍यों घूमते फिरते रहते हैं। भाजपा की पांच साल की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ।”

सिंह ने जनता को आगाह करते हुए कहा ‘सभी की जिम्मेदारी है कि देश का माहौल खराब न हो। आपको मतदान से सरकार नहीं बनानी है बल्कि प्रदेश की तकदीर लिखनी है।’

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि जब कानून व्यवस्था अच्छी होती है तो विकास भी तेजी से होता है। उन्होंने कहा कि आज यूपी अगर विकास की धुरी बना हुआ है तो उसके पीछे बेहतर कानून व्यवस्था है। राजनाथ सिंह ने साप किया कि अब गुंडों, माफियाओं को संरक्षण नहीं मिलता बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलता है।

उन्होंने कहा, ‘चाहे बाकी किसी भी दल की सरकारें रहीं हों। सभी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। भाजपा सरकार पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। काफी हद तक भ्रष्टाचार रोकने में सफलता मिली है। कांग्रेस के जमाने में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने स्वीकार किया था कि सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए 100 पैसे भेजे जाते थे तो 16 पैसे ही लोगों तक ही पहुंचते थे। मोदी और योगी सरकार ने इसे समाप्त किया है।’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया ‘भाजपा इंसान और इंसानियत की राजनीति करती है। वह जनता को गुमराह कर वोट नहीं लेना चाहती। हम मजहब के आधार पर राजनीति नहीं करेंगे। राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए की जाती है। सपा हो या अन्य दल, वे समाज को बांट कर राजनीति करना चाहते हैं। यह हमे मंजूर नहीं है।

राजनाथ में अयोध्या और काशी का जिक्र करते हुए कहा, ‘भाजपा राम मंदिर का निर्माण करा रही है और काशी विश्वनाथ मंदिर अब भव्य रूप में खड़ा है, हम देश की विरासत को भी सुरक्षित रखेंगे और विकास भी करेंगे। हम अपने पूर्वजों के आदर्शों से समझौता नहीं कर सकते।’

भाषा सं आनन्द

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments