scorecardresearch
Friday, 26 April, 2024
होमदेशत्यागी की ‘गुंडागर्दी’ पर भाजपा के नेता मौन क्यों हैं: कांग्रेस

त्यागी की ‘गुंडागर्दी’ पर भाजपा के नेता मौन क्यों हैं: कांग्रेस

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने नोएडा में एक महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी के मामले को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और सवाल किया कि इस मामले पर भाजपा के नेता और खासतौर पर महिला नेता मौन क्यों हैं।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने श्रीकांत त्यागी की भाजपा के कई नेताओं के साथ ली गई तस्वीरें साझा करते हुए सोमवार को कहा कि इस मामले में बुलडोजर की कार्रवाई दिखावा है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘क्या इतने वर्षों से भाजपा सरकार को नहीं पता था कि नोएडा के भाजपा नेता का निर्माण अवैध है? बुलडोजर की कार्रवाई दिखावा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सरकार इन सवालों के जवाब देने से बच रही है। एक महिला के साथ खुलेआम अभद्रता और 10-15 गुंडे भेजकर महिलाओं को धमकाने की हिम्मत उसे कौन दे रहा है? कौन है, जो उसे बचाता आ रहा है?’’

प्रियंका ने सवाल किया, ‘‘किसके संरक्षण में उसका गुंडाराज और अवैध कारोबार फला-फूला?’’

पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के एक मंत्री हैं, जिनको अदालत सजा सुनाती है, वो फाइल लेकर गायब हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा का गुंडा सरेआम एक महिला से गुंडागर्दी करता है, जिन शब्दों का प्रयोग किया, वो हम सार्वजनिक जीवन में कर नहीं सकते हैं, वो फरार है।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘किसी ने सच ही कहा है कि महिलाओं के सम्मान में भाजपा बार-बार मैदान में ऐसे ही आती है। भाजपा के नेताओं में इतना मौन, इतनी खामोशी क्यों है? उन महिला नेत्रियों के मुंह में दही क्यों जम गई है, जो माफी मांगो के नारे लगाती थी।’’

सुप्रिया ने यह भी कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश से माफी कब मांगेंगे, अपने भाजपा सदस्य के लिए? हर बार कन्नी काट लेना, हर बार ये कह देना कि ये फ्रिंज एलीमेंट है, इससे आप बच नहीं सकते हैं।’’

भाजपा का नेता होने का दावा करने वाले त्यागी के खिलाफ ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी की एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि महिला ने त्यागी द्वारा सोसायटी के साझा क्षेत्र में पौधे लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिससे वह भड़क उठा था।

नोएडा प्राधिकरण ने शहर में त्यागी के आवास के बाहर बनाए गए ‘अवैध’ निर्माण को ढहा दिया है। त्यागी अभी फरार है।

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments