scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल: बलात्कार की शिकायत वापस लेने की धमकी मिलने पर लड़की ने आत्मदाह की कोशिश की

पश्चिम बंगाल: बलात्कार की शिकायत वापस लेने की धमकी मिलने पर लड़की ने आत्मदाह की कोशिश की

Text Size:

जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), 15 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में बलात्कार के प्रयास में बाल-बाल बची 14 वर्षीय लड़की ने कथित तौर पर पुलिस शिकायत वापस लेने की धमकी मिलने के बाद आत्मदाह की कोशिश की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मयनागुरी थाना क्षेत्र निवासी लड़की 28 फरवरी को अपने घर में अकेली थी, तभी एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उससे बलात्कार करने की कोशिश की। व्यक्ति ने उसके कपड़े फाड़ दिए लेकिन जैसे ही वह चिल्लाई, आरोपी व्यक्ति वहां से भाग गया। पुलिस ने कहा कि पीड़ित के परिवार ने पुलिस शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, वह जमानत पर छूट गया।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को दो नकाबपोश व्यक्ति पीड़ित के घर आए और पुलिस शिकायत वापस लेने की धमकी दी। लड़की उस समय भी घर पर अकेली थी। पुलिस ने कहा कि इन व्यक्तियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि लड़की ने शिकायत वापस नहीं ली तो उसके परिवार को मार डाला जाएगा। इसके बाद, उसने स्वयं को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, लड़की को बचा लिया गया और उसे जलपाईगुड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने कहा कि हालत गंभीर होने के कारण लड़की को बाद में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किए जाने के बाद दोनों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा सुरभि माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments