scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल ‘बेहतर’ का हकदार: भाजपा में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस

पश्चिम बंगाल ‘बेहतर’ का हकदार: भाजपा में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने के बाद दिग्गज भारतीय टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि पश्चिम बंगाल ‘‘बेहतर का हकदार है’’।

पेस ने एक बयान में कहा कि पिछले एक दशक में मोदी के ‘‘दूरदर्शी नेतृत्व’’ के तहत भारत ने एक ‘‘परिवर्तनकारी यात्रा’’ देखी है।

उन्होंने कहा कि देश ने सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने पर विशेष ज़ोर दिया गया है, जो विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा है।

पेस ने कहा, ‘‘मेरा जन्म बंगाल में हुआ था और मैं ओलंपिक खिलाड़ियों के ऐसे परिवार से आता हूँ, जिन्होंने बड़े गर्व के साथ अपने सीने पर तिरंगा पहना है। इसने मेरी विरासत को आकार दिया है और मुझमें अनुशासन, समर्पण एवं देशभक्ति की गहरी भावना के मूल्यों को जगाया है, जिसका उद्देश्य भारत को वैश्विक खेल और आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने में मदद करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया भर में पेशेवर खेल खेलने के बाद, मुझे लगता है कि बंगाल बेहतर का हकदार है।’’

पेस ने कहा, ‘‘मुझे इस बात पर भी गर्व है कि मैं माइकल मधुसूदन दत्त का वंशज हूँ-एक सच्चे राष्ट्रवादी, जिन्होंने बंगाली और भारतीय साहित्य में अतुलनीय योगदान दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि हर जगह अपार संभावनाएं मौजूद हैं। साथ ही, कई युवाओं को अब भी आगे बढ़ने के लिए अवसरों और मंचों तक पहुँचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन कमियों को दूर करना ही भारत की पूरी क्षमता को उजागर करने की कुंजी होगा।’’

पेस ने कहा, ‘‘इस संकल्प के साथ, मैं नरेन्द्र मोदी जी के निरंतर नेतृत्व और मार्गदर्शन में एक मज़बूत, अधिक समावेशी और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए भाजपा में शामिल हो रहा हूं।’’

वह 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे और 2022 में गोवा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए प्रचार किया था। उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ा था।

पेस के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर कहा , ‘‘बधाई हो! आखिरकार आपको गोवा के अगले मुख्यमंत्री का उम्मीदवार मिल ही गया। भाजपा ने हमारे राज्य में एक और ‘बोहिरागोतो’ (बाहरी व्यक्ति) को पैराशूट से उतार दिया है।’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले, 52 वर्षीय पेस मंगलवार को यहाँ भाजपा में शामिल हो गए।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments