scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशहोर्मुज से भारतीय जहाजों को रास्ता देने पर ईरानी राजदूत ने कहा, 'हम पूरी कोशिश करेंगे'

होर्मुज से भारतीय जहाजों को रास्ता देने पर ईरानी राजदूत ने कहा, ‘हम पूरी कोशिश करेंगे’

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले कई जहाजों के फंसे होने के बीच भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने शुक्रवार को कहा कि ‘हम इस मुद्दे को हल करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे।’

यहां एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए फताली ने कहा, ‘ईरान और भारत मित्र हैं। हमारे हित समान हैं, हमारे विश्वास समान हैं।’’

युद्ध के जारी रहने के बीच राजदूत ने कहा, ‘‘ईरान जंग नहीं चाहता लेकिन हम जंग के लिए तैयार हैं।’’

होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच एक रणनीतिक संकरा समुद्री मार्ग है। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू करने और तेहरान द्वारा जवाबी कार्रवाई में इस क्षेत्र को निशाना बनाने के बाद से सैकड़ों जहाज इस समुद्री मार्ग में फंसे हुए हैं।

पोत परिवहन मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि कुल मिलाकर भारतीय ध्वज वाले 28 जहाज फंसे हुए हैं- 24 होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में और चार इसके पूर्व में।

जब फताली से पूछा गया कि क्या ईरान भारतीय ध्वज वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देगा, तो उन्होंने कहा, “जैसा कि मैंने वक्तव्य में कहा, भारत सरकार के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं, और हमारे अधिकारियों ने कल भारत सरकार के अधिकारियों से बात की।’’

ईरानी राजदूत ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमें अल्लाह से प्रार्थना करनी चाहिए कि वह विभिन्न क्षेत्रों में सभी बाधाओं को दूर करे। हम समस्याओं को दूर करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे। मुझे लगता है कि आप निकट भविष्य में अच्छी खबर की उम्मीद कर सकते हैं।”

पिछले कुछ दिनों में भारत और ईरान के नेताओं के बीच हुई टेलीफोन वार्ता के बारे में पूछे जाने पर राजदूत ने कहा कि उनके बीच ‘अच्छी बातचीत’ हुई है।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments