मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) मुंबई में रातभर हुई भारी बारिश के बाद कुछ निचले इलाकों में जलभराव से शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। नगर निकाय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
शहर में सुबह से बारिश की तीव्रता कम हुई है, लेकिन पूर्वी भागों और पूर्वी उपनगरों में भारी बारिश जारी है।
रात भर हुई भारी बारिश के कारण शहर और उपनगरों के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
अंधेरी उपमार्ग (मुंबई के पश्चिमी भाग में) जल जमाव के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
वाहन चालकों ने सुबह के व्यस्त समय में बारिश और अन्य कारणों से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे दोनों पर यातायात की धीमी गति की शिकायत की।
कुछ यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि लोकल ट्रेन थोड़ी देरी से चल रही हैं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटों की अवधि में शहर में औसतन 23.45 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगरों में 36.42 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 50.02 मिमी बारिश हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के लिए मुंबई और उपनगरों में सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, सुबह नौ बजकर 19 मिनट पर 3.91 मीटर की ऊंची लहरें उठने के बाद रात आठ बजकर 37 मिनट पर 3.38 मीटर ऊंची लहर आने की संभावना है। अपराह्न तीन बजकर तीन मिनट पर भी 2.28 मीटर ऊंची लहर उठने की संभवना है।
भाषा सं सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.