scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशवीर दास 'हे स्ट्रेंजर' टूर के तहत रॉयल अल्बर्ट हॉल में प्रस्तुति देंगे

वीर दास ‘हे स्ट्रेंजर’ टूर के तहत रॉयल अल्बर्ट हॉल में प्रस्तुति देंगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) अभिनेता-हास्य कलाकार वीर दास ने बुधवार को यह घोषणा की कि वह अपने नये अंतरराष्ट्रीय स्टैंड-अप टूर ‘हे स्ट्रेंजर’ के तहत पहली बार लंदन के ‘रॉयल अल्बर्ट हॉल’ में प्रस्तुति देंगे।

यह प्रस्तुति वैश्विक मंच पर भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि दास 5,272 सीटों की क्षमता वाले इस हॉल में बतौर मुख्य कलाकार प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा भारतीय कलाकारों में से एक बन जाएंगे।

एक सदी से भी अधिक समय से यह हॉल मनोरंजन जगत के कुछ प्रसिद्ध कलाकारों और ऐतिहासिक प्रदर्शनों की मेजबानी का गवाह रहा है। इन कलाकारों में लेड जेपेलिन और द बीटल्स जैसे बैंड से लेकर एडेल और एरिक क्लैप्टन जैसे आधुनिक दिग्गज शामिल हैं, जो संगीत, रंगमंच और हास्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।

दास ने एक बयान में कहा, ‘‘हर टूर दुनिया के साथ एक नयी बातचीत जैसा लगता है और ‘हे स्ट्रेंजर’ बिल्कुल वैसा ही है। रॉयल अल्बर्ट हॉल में प्रदर्शन करना बेहद खास है, यह एक ऐसा स्थान है, जिसका अपना एक इतिहास है और इसने महानतम कलाकारों की मेजबानी की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय स्टैंड-अप शो को उस मंच पर लाना एक अविश्वसनीय और बेहद सम्मान की बात है। मैं दर्शकों के साथ इस पल को साझा करने के लिए बेताब हूं।’

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments