scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशविजय की टीवीके संभवतः तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहेगी: कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि

विजय की टीवीके संभवतः तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहेगी: कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि

Text Size:

करूर (तमिलनाडु), छह मार्च (भाषा) कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि ने शुक्रवार को कहा कि विजय के नेतृत्व वाली टीवीके तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर आ सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुन्‍नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) भारत में अपनी प्रासंगिकता खो रही है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘जहां तक मेरी राय का सवाल है तो हम देख सकते हैं कि विजय को युवाओं का भरपूर समर्थन प्राप्त है। मुझे पूरा यकीन है कि विजय के पास दूसरे स्थान पर आने का मौका है।’’

करूर से सांसद ज्योतिमणि ने अन्नाद्रमुक के बारे में कहा, ‘‘बात सिर्फ इतनी नहीं है कि वे तीसरे स्थान पर चले जाएंगे; बल्कि तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक नामक पार्टी का यह आखिरी चुनाव होगा।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनावी समीकरण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े दलों के मुकाबले नए दलों के पक्ष में होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु की जनता भाजपा को सम्मिलित करने वाले गठबंधन को कभी वोट नहीं देगी।’’

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रही है। इसके घटक दलों में भाजपा, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) (अंबुमणि गुट), अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) शामिल हैं।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन में तालमेल को लेकर ज्योतिमणि ने स्वीकार किया कि सत्ता-साझाकरण के संबंध में विभिन्न भागीदारों की ‘‘उचित मांगें’’ होने के बावजूद प्राथमिक उद्देश्य भाजपा को हराना ही है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह गठबंधन तमिलनाडु के भविष्य, तमिलनाडु के विकास और भाजपा जैसी भ्रष्ट सरकारों से तमिलनाडु को बचाने के लिए है।’’

उन्होंने स्वीकार किया कि गठबंधन की ताकत बनाए रखने के लिए कांग्रेस को कुछ समझौते करने पड़े हैं।

भाषा सुरभि माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments