scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमदेशग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम ‘वीबी जी राम जी’ योजना: मुख्यमंत्री शर्मा

ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम ‘वीबी जी राम जी’ योजना: मुख्यमंत्री शर्मा

Text Size:

जयपुर, दो फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी जी राम जी) कानून को ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए सोमवार को कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी।

शर्मा, यहां सरपंच संघ द्वारा आयोजित निवर्तमान सरपंच ( प्रशासक) प्रदेश अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने ‘वीबी जी राम जी’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह कानून ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इसके माध्यम से मनरेगा की अनियमितताओं को दूर किया गया है। इसके अंतर्गत स्थाई परिसंपत्तियों का निर्माण हो सकेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी। इस कानून में रोजगार की गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है।”

आधिकारिक बयान के अनुसार, शर्मा ने कहा कि सरपंच गांवों की लोकतांत्रिक शक्ति के प्रतीक हैं और वे विकास की धुरी हैं, जिनके समर्पण भाव से किए गए कार्यों से ग्रामीण परिवारों के जीवन में खुशहाली आती है।

उन्होंने कहा कि सरकारें नीतियां और योजनाएं बनाती हैं लेकिन उन्हें ग्राम स्तर तक क्रियान्वित करने का सशक्त माध्यम सरपंच ही होते हैं।

शर्मा ने कहा कि सरकार ने राज्य की आठ करोड़ जनता के कल्याण और सभी विधानसभा क्षेत्रों के विकास की रूपरेखा तैयार की है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायतीराज को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रही हैं।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments