देहरादून, 14 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में हरिद्वार बायपास के निकट जंगल में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 14 वर्षीय पीड़िता के साथ बृहस्पतिवार रात हुई इस घटना में शामिल दो नाबालिग लड़कों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई पीड़िता की मां द्वारा शुक्रवार को पटेल नगर पुलिस थाने में दर्ज कराई गयी शिकायत के आधार पर की गयी है।
पुलिस ने बताया कि पटेल नगर की रहने वाली पीड़िता की मां की ओर से दी गयी नामजद शिकायत में कहा गया कि रैफी उर्फ सोनू (19) तथा दो अन्य नाबालिग लड़के 12 मार्च की शाम को उसकी बेटी को बहला-फुसला कर अपने साथ हरिद्वार बायपास पर स्थित एक स्कूल के निकट जंगल में ले गए जहां उन्होंने लड़की को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
शिकायत में कहा गया कि दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को एक ऑटो-रिक्शा में बैठाकर घर भेज दिया, जहां पहुंचने के बाद पीड़िता चक्कर खाकर गिर पड़ी। मां के पूछने पर लड़की ने आपबीती सुनाई जिसके बाद पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करायी गयी।
तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ तत्काल भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर रैफी को गिरफ्तार कर लिया तथा दो अन्य नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि दोनों नाबालिग आरोपी पीड़िता के परिचित थे, इनमें से एक नाबालिग आरोपी पूर्व में पीड़िता के घर में किराये पर रहता था।
भाषा
दीप्ति रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
