scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशउत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने एम्स-ऋषिकेश में भर्ती सतपाल महाराज का हालचाल जाना

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने एम्स-ऋषिकेश में भर्ती सतपाल महाराज का हालचाल जाना

Text Size:

ऋषिकेश, 19 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री धामी ने महाराज से मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन को उनके सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने महाराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रदेश के पर्यटन और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज को श्वास संबंधी शिकायत के कारण बुधवार को एम्स-ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।

चिकित्सकों ने मंत्री की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए आईसीयू वार्ड में स्थानांतरित कर दिया, जहां मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रो. रविकांत की निगरानी में एक टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

एम्स-ऋषिकेश की चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या ने मुख्यमंत्री को बताया कि महाराज के स्वास्थ्य में पहले से काफी सुधार है।

उन्होंने बताया कि महाराज को न्यूमोनिया की शिकायत है लेकिन अन्य सभी जरूरी अंग सामान्य कार्य कर रहे है, जिस कारण उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

भाषा सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments