देहरादून, छह जून (भाषा) उत्तराखंड के प्रेमनगर क्षेत्र में तीन दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता रोहित नेगी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पुरकाजी में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में अजहर त्यागी और उसके साथी आयुष कुमार उर्फ सिकंदर को बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पुरकाजी और उत्तराखंड की मंगलौर सीमा पर वाहनों की जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दोनों आरोपियों को रुकने का इशारा किया गया लेकिन रुकने की बजाय उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाते हुए भागने का प्रयास किया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ये आरोपी घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि त्यागी को दोनों पैरों व एक हाथ में और सिकंदर को दोनों पैरों में गोली लगी है।
अधिकारी ने बताया कि दोनों घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए गुरुकुल नारसन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ऋषिकेश स्थित एम्स के लिए स्थानांतरित कर दिया गया।
त्यागी, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुरकाजी का रहने वाला है जबकि सिंकदर शामली का निवासी है।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात प्रेमनगर क्षेत्र के मांडुवाला में पीपल चौक पर नेगी की उस समय कथित तौर पर गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी, जब वह अपने कुछ मित्रों के साथ घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि ठीक सामने से चलायी गयी गोली कार का शीशा तोड़ते हुए सीधे नेगी की गर्दन में लगी थी।
अधिकारी ने बताया कि नेगी के दोस्त उन्हें तत्काल एक निकटवर्ती अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
नेगी, पूर्व में भाजपा युवा मोर्चे के मंडल अध्यक्ष रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना से पहले अपने एक दोस्त की महिला मित्र को लेकर नेगी की त्यागी के साथ फोन पर बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने भाजपा नेता को सबक सिखाने की धमकी दी थी।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.