scorecardresearch
Saturday, 28 September, 2024
होमदेशराष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से नवाजे गए उत्तम सिंह और केएस चित्रा

राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से नवाजे गए उत्तम सिंह और केएस चित्रा

Text Size:

इंदौर, 28 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश सरकार ने सुगम संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मशहूर संगीत निर्देशक उत्तम सिंह और पार्श्व गायिका केएस चित्रा को इंदौर में शनिवार को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से नवाजा।

मंगेशकर की 95वीं जयंती पर उनकी जन्मस्थली में दोनों कलाकारों को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह सम्मान प्रदान किया।

उत्तम सिंह को वर्ष 2022 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान प्रदान किया गया, जबकि केएस चित्रा को 2023 के लिए इस प्रतिष्ठित अलंकरण से नवाजा गया।

सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री यादव ने मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘लता जी के मधुर स्वर का सफर उनके जीवन के कई उतार-चढ़ाव के बावजूद कई दशकों तक जारी रहा। किसी फिल्म में उनका गाना फिल्म के हिट होने की गारंटी होती थी।’’

राज्य सरकार ने इंदौर में मंगेशकर की याद में सभागार बनवाया है। पहली बार इस सभागार में राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

मंगेशकर का जन्म इंदौर में 28 सितंबर 1929 को हुआ था। उन्होंने मुंबई में छह फरवरी 2022 को 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली थी।

वर्ष 1984 में स्थापित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक श्रेष्ठता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के संस्कृति विभाग का दिया जाने वाला सालाना अलंकरण है।

गुजरे बरसों में नौशाद, किशोर कुमार और आशा भोंसले सरीखी हस्तियों को भी इस सम्मान से नवाजा जा चुका है।

भाषा हर्ष धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments