लखनऊ, 27 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की पहचान, सुरक्षा और रोजगार की स्थिति में व्यापक बदलाव किया है तथा सरकारी नौकरियों में सिफारिश की जगह योग्यता के आधार पर चयन सुनिश्चित किया है।
मुख्यमंत्री ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ समूह द्वारा आयोजित ‘यूथ आइकन समिट’ में कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान और सुरक्षा के संकट से जूझ रहा था, लेकिन अब प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार के अवसर बढ़ने से स्थिति बदल गई है।
उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 37 युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने पर आयोजकों को बधाई दी।
आदित्यनाथ ने अपने संबोधन को पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों की ‘रील’ बताते हुए कहा कि यह दस सेकंड या एक मिनट की नहीं, बल्कि प्रदेश की बदली तस्वीर दिखाने वाली लंबी कहानी है।
उन्होंने इस ‘रील’ को ‘फ्रेमवार’ सामने रखते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के बाहर उत्तर प्रदेश के लोगों को पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था, जबकि प्रदेश के भीतर सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक थी।
उनके मुताबिक, विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे और निवेशक भी प्रदेश में निवेश करने से हिचकते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अपराध के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति अपनाई, जिसके परिणामस्वरूप माफिया और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में ‘एक जिला, एक माफिया’ की स्थिति थी, जबकि अब ‘एक जिला, एक उत्पाद’ की पहचान विकसित हुई है।
आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयां हैं, जिनसे 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को सीधे रोजगार मिलता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक इकाई को पांच लाख रुपये का सुरक्षा बीमा कवर भी उपलब्ध कराती है।
सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले नियुक्तियों में अनियमितताओं की शिकायतें थीं और नौकरी पाना ‘सैफई सिंडिकेट’ की कृपा पर निर्भर था लेकिन उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में बिना सिफारिश और लेनदेन के लगभग 9.5 लाख सरकारी नियुक्तियां की हैं।
‘सैफई सिंडिकेट’ से उनका इशारा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व की ओर था।
आदित्यनाथ के मुताबिक, करीब 4,500 उपनिरीक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने 32 हजार से अधिक पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का भी दावा किया।
उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘देश के लिए पदक लाओ और उत्तर प्रदेश में पद पाओ’ की नीति अपनाई है।
उन्होंने दावा किया कि अब तक 1,400 खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर नियुक्तियां दी गई हैं।
स्टार्टअप क्षेत्र में विकास का उल्लेख करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 25 हजार हो गई है।
उन्होंने कहा कि नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने एक हजार करोड़ रुपये का कोष बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पिछले साढ़े नौ वर्षों में तीन गुना बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों में पर्याप्त बिजली उपलब्ध है और पहले बिजली से वंचित रहे 1.53 लाख मजरों में बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है।
आदित्यनाथ ने पर्यटन को रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक आए। उन्होंने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज जैसे धार्मिक केंद्रों में बढ़ती गतिविधियों से होटल, रेस्तरां, टैक्सी, रिक्शा और फूल बेचने वालों सहित विभिन्न वर्गों को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विरासत और आस्था को आर्थिक विकास से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे अवसरों से युवाओं के पलायन की मजबूरी कम करने में मदद मिल रही है।
भाषा सलीम
मनीषा संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.