scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशउप्र: गोरखपुर में पूर्व सहजीवी साथी की हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

उप्र: गोरखपुर में पूर्व सहजीवी साथी की हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

Text Size:

गोरखपुर, दो फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पुलिस ने पूर्व सहजीवी साथी की कथित तौर पर हत्या करने और शव को निर्वस्त्र कर पुल से नीचे फेंकने के लिए एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और ससुर को सोमवार को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान मुंबई की रहने वाली प्रिया शेट्टी (35) के रूप में हुई और आरोपी विजय कुमार साहनी ने उसकी गला घोंटकर हत्या की थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बाद में शव को निर्वस्त्र कर दिया, ईंट से उसका चेहरा कुचल दिया और उसकी पहचान छिपाने की कोशिश में बरघट्टा पुल के नीचे करीब 20 फुट नीचे फेंक दिया गया।

पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ज्ञानेंद्र प्रसाद और पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश पुरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस से विजय, उसकी पत्नी संध्या और उसके ससुर रामबिलास साहनी की गिरफ्तारी हुई।

उन्होंने बताया कि घटना की रात तीनों को ले जाते हुए सीसीटीवी में दिखे एक ऑटो-रिक्शा चालक ने मामले को सुलझाने में अहम सुराग दिए।

पुलिस ने बताया, “पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि विजय के 2012 से उस महिला के साथ संबंध थे और दोनों मुंबई में एक साथ रहते थे, जहां उनका एक बेटा भी है। उनके अलग होने के बाद, विजय ने 2014 में संध्या से शादी कर ली।”

पुलिस के मुताबिक, बाद में महिला ने विजय से फिर से संपर्क किया और उस पर उसे अपने पैतृक स्थान पर ले जाने का दबाव डाला, ऐसा न करने पर हंगामा करने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि 26 जनवरी को विजय, महिला और अपनी पत्नी को मुंबई से गोरखपुर ले आया।

अधिकारियों ने बताया, “29 जनवरी को पीपी गंज इलाके में तीनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विजय ने अपनी पत्नी की मदद से महिला का गला घोंट दिया।”

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने शव को पुल से नीचे फेंक दिया और सबूत मिटाने की कथित तौर पर कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया और ममाले की जांच जारी है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments