मथुरा (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के जमुनापार क्षेत्र में बलात्कार के आरोप में पकड़े जाने के बाद एक दारोगा की सर्विस पिस्तौल छीनकर भाग रहा एक बदमाश पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ की रहने वाली स्थानीय विश्वविद्यालय की डी-फार्मा छात्रा एक्सप्रेस-वे के रास्ते वाया आगरा सुबह साढे पांच बजे मथुरा के वृन्दावन कट पर उतरी थी। उन्होंने बताया कि वहां से आटो-रिक्शा बुक कर जब वह विश्वविद्यालय जा रही थी तभी एकांत जगह पर रोककर चालक दिनेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया और भाग गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को सर्विलांस के माध्यम से ट्रैक कर कुछ ही घण्टों में गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि दोपहर में जब पुलिस घटनास्थल का मौका मुआयना करने के लिए उसे ले जा रही थी तभी उसने साथ चल रहे एक उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार की पिस्तौल छीनकर पुलिस पर गोलीबारी कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी उस पर जवाबी गोलीबारी की, जिसमें से एक गोली उसके दाएं पैर में जा लगी और वह गिर पड़ा। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
सिंह ने बताया कि दिनेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
भाषा सं. सलीम देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.