अयोध्या, 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर जिले में मंगलवार को एक मंदिर के परिसर में मधुमक्खियों के झुंड के हमले में एक श्रद्धालु की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पिछले माह उन्नाव में क्रिकेट के एक मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में एक अंपायर की मौत और कई खिलाड़ियों के घायल होने के बाद मंगलवार को हुई इस घटना से दहशत बढ़ गई।
पुलिस ने बताया कि जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नर्सरी बाजार स्थित औघड़ बाबा मंदिर में यह घटना उस समय हुई, जब परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और मधुमक्खियों के हमले के बाद अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक मेले के कारण मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा थी और इसी दौरान मंदिर में बने एक बड़े छत्ते से मधुमक्खियों का एक झुंड अचानक निकला और सीधा हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जैदपुर थाना क्षेत्र के कुथमा राजपुर गांव के निवासी संतराम (55) के रूप में हुई और घायल बसंत लाल और रामविलास को इलाज के लिए बसखारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
जलालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सुनील पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एक टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
पांडेय ने बताया कि जांच के बाद चिकित्सकों ने संतराम को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
