कानपुर, 24 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक शादी समारोह के दौरान 500 रुपये के विवाद को लेकर 16 साल के एक लड़के ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर 15 वर्षीय अपने सहपाठी की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सत्यम निषाद (15) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़के एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां आरोपी ने सत्यम को रोका और उससे कुछ महीने पहले लिए गए 500 रुपये के उधार के बारे में पूछा।
पुलिस ने बताया कि जब सत्यम ने उधार की रकम लौटाने के लिए दो अप्रैल तक का समय मांगा तो दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया, “अचानक गुस्से में आकर आरोपी ने सब्जी काटने वाला चाकू निकाला और सत्यम के पेट में कथित तौर पर कई बार वार किए, जिससे वह गिर पड़ा।”
उन्होंने बताया कि इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग सत्यम को तुरंत पास के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है।
अधिकारी ने बताया कि हालात काबू में आने के बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी की गईं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
सत्यम की मां मंजू निषाद ने बताया कि उनके बेटे पर पैसे लौटाने का दबाव था और कुछ दिन पहले ही उसकी आरोपी से बहस भी हुई थी।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
