ग्रेटर नोएडा, पांच फरवरी (भाषा) ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 18 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपाल अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने बताया कि परियोजना व भूलेख विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की तरफ से कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारी ने लोगों से ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि रोहिल्लापुर के खसरा संख्या 22 व 33 की करीब 18000 वर्ग मीटर जमीन हिंडन के डूब क्षेत्र में है और यह प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में है।
अधिकारी ने बताया कि कुछ लोग डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण कर कालोनी काटने की कोशिश कर रहे थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि डूब क्षेत्र में प्लाटिंग होने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पिछले 15 दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ पांच बड़ी कार्रवाई की है।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
