(तस्वीरों के साथ)
लखनऊ, 16 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दिलकुशा इलाके में बृहस्पिवार को रातभर हुई भारी बारिश के कारण एक ‘आर्मी एन्क्लेव’ की चारदीवारी गिरने से झांसी जिले के रहने वाले कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मलबे से एक व्यक्ति को जिंदा बाहर निकाला गया है और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने बताया कि कुछ मजदूर दिलकुशा इलाके में आर्मी एन्क्लेव के पास झोपड़ियों में रह रहे थे। बृहस्पतिवार को रातभर हुई भारी बारिश के कारण आर्मी एन्क्लेव की चारदीवारी ढह गई।
मोर्डिया ने कहा, ‘‘हम देर रात तीन बजे घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे से नौ शव निकाले गए हैं।’’
जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रातभर हुई बारिश के बाद एक निर्माणाधीन दीवार गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
गंगवार ने बताया कि घायलों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) ने कहा कि मृतकों में छह की शिनाख्त मानकुंवर, धर्मेंद्र, नैना, प्रदीप, रेशमा और चंदा के रूप में की गई है।
इस बीच, झांसी जिला प्रशासन ने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद जिले के मौरानीपुर क्षेत्र के पचवारा लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए एक ट्वीट में घटना पर दुख जताते हुए कहा गया है, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद लखनऊ स्थित एक कॉलोनी में दीवार गिरने के हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।”
ट्वीट के मुताबिक, योगी ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा है।
उधर, उत्तर प्रदेश राजभवन ने एक बयान जारी कर कहा कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री और स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, “लखनऊ में एक दीवार गिरने से कई लोगों की मौत की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है। जिन लोगों को इस हादसे में अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इसके साथ ही मैं इस दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
राजनाथ ने कहा, “मैंने स्थानीय प्रशासन से इस दुर्घटना के बारे और जानकारी प्राप्त की है। प्रशासन राहत और बचाव के लिए तत्परता से काम कर रहा है। घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है। मैं पुनः उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों, केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
भाषा
जफर मनीषा पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.