scorecardresearch
Sunday, 5 April, 2026
होमदेशउप्र : बुलंदशहर में सिरेमिक कचरे से बना “अनोखी दुनिया” पार्क, पर्यटकों के लिए खुलेगा जल्द

उप्र : बुलंदशहर में सिरेमिक कचरे से बना “अनोखी दुनिया” पार्क, पर्यटकों के लिए खुलेगा जल्द

Text Size:

लखनऊ, सात सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में ‘अनोखी दुनिया’ नाम से एक पार्क सिरेमिक कचरे से बनाया गया है। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह दावा किया गया कि यह दुनिया का पहला ‘सिरेमिक वेस्ट पार्क’ है।

बयान के मुताबिक यह पार्क इस माह के अंत तक पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा और यह विश्वस्तरीय डिज्नी वर्ल्ड और जुरासिक पार्क को टक्कर देगा।

यह परियोजना ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) की सफलता के बाद, पारंपरिक उद्योगों और उत्पादों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के राज्य सरकार के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (वीसी) डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि बुलंदशहर के खुर्जा को ‘सिरेमिक की राजधानी’ कहा जाता है। यहां बने विश्वस्तरीय डिज़ाइन, आकार, शैली के बर्तन व उत्पाद देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप खुर्जा की पारंपरिक विरासत को विश्व पटल पर अलग पहचान दिलाने के लिए ‘अनोखी दुनिया’ नामक सिरेमिक पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क न केवल खुर्जा की कला और कारीगरी को प्रदर्शित करता है, बल्कि शहर को पर्यटन की दृष्टि से भी एक नया मुकाम दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।

वीसी ने बताया कि अनोखी दुनिया नामक पार्क को पीपीपी मोड पर बनाया गया है। यह पार्क करीब दो एकड़ में फैला हुआ है। उन्होंने बताया कि अनोखी दुनिया पार्क में छह कलाकारों और 120 कारीगरों की टीम ने मिलकर कई महीनों की मेहनत से करीब 100 छोटी-बड़ी अनोखी कलाकृतियां तैयार की हैं। इसमें 28 बड़ी कलाकृतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र हैं। यह कलाकृतियां टूटी हुई सुराहियों, कप, केतली और अन्य बर्तनों के टुकड़ों से बनाई गईं हैं।

डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि पार्क को 80 टन सिरेमिक कचरे से तैयार किया गया है, जो ‘वेस्ट-टू-आर्ट’ का उत्कृष्ट उदाहरण है। अनोखी दुनिया पार्क पीपीपी मोड पर पांच करोड़ 86 लाख की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यह पार्क पर्यटकों के लिए सितंबर माह के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा।

यह पार्क खुर्जा को एक नए पर्यटन नक्शे पर स्थापित करेगा। यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय बाजार से सिरेमिक उत्पाद भी खरीदेंगे, जिससे उद्योग को सीधा लाभ होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश में उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में ‘अनोखी दुनिया’ पार्क उनके पर्यटन और स्वच्छता के विजन का जीता जागता उदाहरण है। यह क्रिएटिव पार्क खुर्जा की प्रमुख उद्योग धरोहर को प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को भी नयी उड़ान देगा। उम्मीद है कि पार्क में देश-विदेश से पर्यटक आएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

भाषा

आनन्द, रवि कांत रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments