scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमदेशउप्र : सुलतानपुर में जमीन विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या

उप्र : सुलतानपुर में जमीन विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या

Text Size:

सुलतानपुर, 21 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के अमिलिया कला गांव में शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर 70 वर्षीय अविवाहित बुजुर्ग की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान सत्यनारायण पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह सत्यनारायण शौच के लिए जा रहे थे, तभी गांव के स्कूल के पास पहले से मौजूद उनके चचेरे भाई सियाराम और भतीजे प्रदीप ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के चचेरे भाई दिगंबर पाल ने बताया कि सत्यनारायण करीब छह महीने से बीमार थे और वह उनकी दवा-इलाज तथा देखभाल कर रहे थे।

दिगंबर पाल का आरोप है कि सत्यनारायण की जमीन पर सियाराम और प्रदीप खेती कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सत्यनारायण की देखभाल किए जाने से ईर्ष्या के कारण सियाराम और प्रदीप ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की जमीन पर उनके चचेरे भाई और भतीजे खेती कर रहे थे। इसी विवाद में शनिवार सुबह उन पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments