आइजोल, 28 मई (भाषा) मिजोरम-त्रिपुरा सीमा पर स्थित विवादित क्षेत्र में निर्माणाधीन एक अतिथि गृह को अज्ञात लोगों ने बुधवार सुबह ध्वस्त कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मिजोरम के पुलिस निरीक्षक (कानून-व्यवस्था) एच. रामथलेंगलियाना ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यह घटना तब हुई जब अज्ञात लोगों ने विस्फोटकों का इस्तेमाल करके अतिथि गृह को नुकसान पहुंचाया।
इस अतिथि गृह का निर्माण त्रिपुरा के वन विभाग द्वारा कराया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह अतिथि गृह मिजोरम के ममित जिले के फुलडुंगसेई गांव के पास विवादित क्षेत्र में स्थित था। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर दोनों राज्य दावा करते हैं।
रामथलेंगलियाना ने कहा कि हाल ही में मिजोरम द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद त्रिपुरा सरकार ने निर्माण कार्य रोक दिया था।
उन्होंने कहा कि विस्फोट के बावजूद अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति शांत है। आईजीपी ने कहा कि उन्होंने त्रिपुरा सरकार के अपने समकक्षों को घटना के बारे में सूचित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और विस्फोट के सिलसिले में अभी तक किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मिजोरम से लगी त्रिपुरा की सीमा की लंबाई 66 किलोमीटर है।
भाषा संतोष धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.