नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) अखिल भारतीय रेलवे खान पान लाइसेंसीज वेलफेयर एसोसिएशन के प्रमुख रविंद्र गुप्ता ने बुधवार को आरोप लगाया कि स्टेशनों पर ‘बड़े विक्रेताओं’ को फायदा पहुंचाने के लिए ‘छोटे विक्रेताओं’ को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आगाह किया कि अगर सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो संघ इस साल के मध्य में संसद का घेराव करेगा।
एसोसिएशन की ओर से जारी एक बयान में गुप्ता ने दावा किया कि स्टेशनों पर ‘इंडक्शन चूल्हा लगाने के लिए दो से ढाई लाख रुपये तक मांगे जा रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है।’
यहां संघ की वार्षिक आम सभा को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा, “अधिकारियों से मिलकर विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान की कोशिश की जाएगी और उनकी तमाम समस्याओं को लेकर हम लोग रेलमंत्री से भी मिलने वाले हैं।”
उन्होंने कहा कि सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो मई या जून में संसद का घेराव किया जाएगा। इस आम सभा में गुप्ता को एक बार फिर संघ का अध्यक्ष चुन लिया गया।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
