scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमदेशकेंद्रीय मंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो किराया वृद्धि को अस्थायी रूप से रोकने का निर्देश दिया:सूर्या

केंद्रीय मंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो किराया वृद्धि को अस्थायी रूप से रोकने का निर्देश दिया:सूर्या

Text Size:

बेंगलुरु, सात फरवरी (भाषा) बेंगलुरु दक्षिण सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अधिकारियों को शहर में प्रस्तावित मेट्रो किराया वृद्धि को अस्थायी रूप से रोकने का निर्देश दिया है, जो नौ फरवरी से प्रभावी होने वाली है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री ने किराया निर्धारण समिति (एफएफसी) में विसंगतियों की व्यक्तिगत समीक्षा का भी आश्वासन दिया और कहा कि अगर राज्य सरकार अनुरोध करती है तो एक नयी समिति पर विचार किया जा सकता है।

सूर्या ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर जी के साथ फोन पर विस्तृत बातचीत हुई और सोमवार से प्रस्तावित राज्य सरकार की बेंगलुरु मेट्रो किराया में अनुचित वृद्धि के खिलाफ उनके तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।’’

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में पहले से ही भारत में सबसे महंगा मेट्रो किराया है, व एक और बढ़ोतरी सार्वजनिक परिवहन को लाखों नागरिकों के लिए अप्रभावी बना देगी, जिससे इसका उद्देश्य विफल हो जाएगा।

बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने बृहस्पतिवार को कहा था कि मेट्रो किराए को उसकी वार्षिक स्वचालित किराया समायोजन प्रणाली के तहत 9 फरवरी से ज़ोन आधार पर संशोधित किया जाएगा।

नयी संरचना के तहत, नम्मा मेट्रो के किराए में 10 जोन में 1 रुपये से 5 रुपये की बढ़ोतरी तय की गई थी, जिसमें पूरे नेटवर्क में यात्रा की दूरी के अनुसार शुल्क समायोजित किया गया है।

घोषणा के बाद, राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा के बीच ‘आरोप-प्रत्यारोप’ शुरू हो गया। भाजपा ने इस फैसले के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया, वहीं कांग्रेस ने कहा कि ‘बढ़ोतरी केंद्र सरकार के अधिकारियों की अध्यक्षता वाली एफएफसी द्वारा निर्धारित की गई और राज्य से परामर्श नहीं किया गया था।’

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments