नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को इसरो के पूर्व प्रमुख के. कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि दी। उनका 25 अप्रैल को बेंगलुरु में निधन हो गया था।
प्रधान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बेंगलुरू के रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में डॉ. के. कस्तूरीरंगन जी के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। वैज्ञानिक और शैक्षणिक समुदाय के सबसे चमकते सितारों में से एक, कस्तूरीरंगन जी अपने पीछे एक अद्वितीय विरासत छोड़ गए हैं। उनकी आत्मा को सद्गति मिले। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह शोक संतप्त परिवार को सांत्वना प्रदान करे।’’
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के. कस्तूरीरंगन का शुक्रवार को 84 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में निधन हो गया। वह करीब एक दशक तक अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख रहे।
उनके पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रविवार को रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरआरआई) में रखा गया। बाद में, पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
भाषा
शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.