scorecardresearch
गुरूवार, 26 जून, 2025
होमदेशकेंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश ने राजस्थान के कोटा में ‘वन भारत साड़ी वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाई

केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश ने राजस्थान के कोटा में ‘वन भारत साड़ी वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाई

Text Size:

कोटा (राजस्थान) चार फरवरी (भाषा) केंद्रीय रेल एवं कपड़ा राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने रविवार को कोटा के दशहरा मैदान में ‘वन भारत साड़ी वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाई।

विभिन्न पारंपरिक परिधान पहनी हजारों महिलाओं के साथ ‘वॉकथॉन’ में मंत्री भी कुछ मीटर तक चलीं। यह ‘वॉकथॉन’ शहर के मुख्य चौराहों से होकर गुजरी।

इस मौके पर राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक कल्पना देवी भी मौजूद रहीं।

मंत्री ने इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वॉकथॉन’ का उद्देश्य ‘श्रेष्ठ भारत’ की सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए जरदोश ने कहा, ‘‘ यह केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय द्वारा आयोजित एक उत्कृष्ट कार्यक्रम रहा।’’ मंत्री ने कहा कि कोटा में ‘आत्मनिर्भर भारत उत्सव’ में कारीगरों द्वारा हस्तशिल्प और हथकरघा स्टॉल लगाये गये हैं।

जरदोश ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत उत्सव पहले मुंबई और सूरत में और अब कोटा में आयोजित किया गया और इसी तर्ज पर अन्य शहरों में भी आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के साथ आगे बढ़ रहे हैं और मोदी सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को सशक्त बना रही है।’’

आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली साड़ी पहनी हजारों महिलाओं ने ‘वॉकथॉन’ में हिस्सा लिया।

साड़ी ‘वॉकथॉन’ का उद्देश्य स्वास्थ्य और ‘लोकल फॉर वोकल’ के लिए जागरुकता फैलाना था। मंत्रालय द्वारा आयोजित पांच दिवसीय आत्म निर्भर भारत उत्सव के तहत इसका आयोजन किया गया था।

भाषा खारी धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments