scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलविरोधी अभियानों में शामिल अधिकारियों को दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलविरोधी अभियानों में शामिल अधिकारियों को दी बधाई

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के निर्देशन में छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियानों का संचालन किया जा रहा है.

Text Size:

रायपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के विरुद्ध हाल ही में चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से नई दिल्ली में भेंट की और इन अभियानों की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार नक्सलवाद के दंश से भारत को मुक्त करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है. इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे.

शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हाल ही में नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से भेंट कर इन ऑपरेशंस की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी. मैं जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर इन अभियानों में अपनी बहादुरी से सफलता दिलाने वाले जवानों से भी मिलूंगा.”

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के निर्देशन में छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियानों का संचालन किया जा रहा है. 18 मई से 21 मई 2025 के दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस ने अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में अभियान चलाया, जिसमें नारायणपुर, दंतेवाड़ा, कोण्डागांव और बीजापुर जिलों की डीआरजी बलों ने सक्रिय भागीदारी की. 21 मई को ग्राम बोटेर के जंगलों में मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) महासचिव व पोलित ब्यूरो सदस्य बसवाराजू उर्फ गगन्ना सहित 27 नक्सली मारे गए. सुरक्षा बलों ने इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए.

अभियान में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल विरोधी अभियान/ एसआईबी/ एसटीएफ) विवेकानंद, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज, नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव और बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. शाह ने इन सभी अधिकारियों को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस और उत्कृष्ट नेतृत्व की सराहना की.

इस अवसर पर केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो के निदेशक तपन डेका सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे. शाह ने अपने संदेश में दोहराया कि मोदी सरकार देश को नक्सलवाद मुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और यह लड़ाई निर्णायक दौर में है.

share & View comments