मैनपुरी/मिर्ज़ापुर (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘विकसित भारत’ 2047 के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
वहीं प्राविधिक शिक्षा और उपभोक्ता मामलों के मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि 2026-27 के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट उत्पादकता बढ़ाने वाला और प्रतिस्पर्धात्मक है।
मैनपुरी में जयवीर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा ‘केंद्रीय बजट को सबसे गरीब लोगों, महिलाओं, किसानों, युवा पीढ़ी, मजदूरों और मध्यम वर्ग के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है ताकि उनकी समृद्धि सुनिश्चित हो सके। यह बजट विकसित भारत की नींव को और मजबूत करेगा और ‘विकसित भारत’ 2047 के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवा, बेहतर शिक्षा और किसानों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि उन्हें अपनी कृषि उपज के लिए बेहतर समर्थन मूल्य मिल सके।
सिंह ने कहा कि यह बजट विकास, आत्मविश्वास और तीव्र प्रगति का एक सशक्त प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ और ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मिर्जापुर में पत्रकारों से बात करते हुए तकनीकी शिक्षा और उपभोक्ता मामलों के मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 उत्पादकता बढ़ाने वाला है।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने इस बजट के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत के लिए रोडमैप तैयार किया है।
पटेल ने कहा कि केंद्रीय बजट का उद्देश्य मध्यम वर्ग को लाभ पहुंचाना, बेरोजगारी को दूर करना, किसानों को सहायता देना और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
बजट में कृषि के लिए किए गए प्रावधानों के बारे में बात करते हुए पटेल ने कहा कि दालों और तिलहन फसलों के प्रसंस्करण के साथ-साथ अधिक उपज देने वाले बीजों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
